गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राजस्थान सरकार ने प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भरतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों के खातों में निशुल्क यूनिफॉर्म के लिए ₹250 करोड़ की डीबीटी राशि जारी करेंगे। इसके साथ ही छात्रों को टैबलेट और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए व्हीलचेयर भी वितरित की जाएंगी। कुल मिलाकर शिक्षा क्षेत्र के लिए ₹947 करोड़ से अधिक की सौगात दी जाएगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री भरतपुर जिले के खेड़ली गुर्जर में बालिका सैनिक विद्यालय का शिलान्यास भी करेंगे। वहीं, अभिभावकों को स्कूलों से जोड़ने के लिए 'निपुण कैलेंडर' का विमोचन किया जाएगा, जिससे पूरे वर्ष बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी मिल सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान 'मिशन पढ़ो राजस्थान' के तहत रीडिंग प्रमोशन अभियान की भी शुरुआत होगी। इसके अंतर्गत प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में प्रतिदिन सातवें कालांश में नियमित पठन-पाठन गतिविधियां कराई जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित हो और बुनियादी शिक्षा को और मजबूत बनाया जा सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.