त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने ली समीक्षा बैठक

जयपुर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को प्रदेश में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुसार काम करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में बारावफात, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी सहित कई बड़े त्योहार एवं पर्व आयोजित होंगे। ऐसे में पुलिस एवं प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि यदि किसी विवाद अथवा अन्य घटना के कारण किसी क्षेत्र का माहौल प्रभावित होता है, तो संबंधित पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लें। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान जनसहभागिता और आमजन के साथ प्रभावी समन्वय बेहद जरूरी है। स्थानीय लोगों से संवाद बनाए रखते हुए छोटी-बड़ी सूचनाएं समय पर प्राप्त की जाएं, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

Error: SQLSTATE[HY000] [1203] User happycvg_hpnews already has more than 'max_user_connections' active connections