कर्नाटक की राजनीति में आज बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री Siddaramaiah दोपहर 3 बजे अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। बेंगलुरु स्थित आवास पर आयोजित मंत्रियों की बैठक में उन्होंने अपने फैसले की जानकारी दी।
बैठक में डिप्टी सीएम D. K. Shivakumar भी पहुंचे। इस दौरान शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया, जिसके बाद दोनों नेताओं ने गले मिलकर राजनीतिक बदलाव के संकेत दिए। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व ने डीके शिवकुमार के नाम पर सहमति बना ली है और उन्हें नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया ने राज्यपाल Thawar Chand Gehlot से मुलाकात का समय मांगा था, लेकिन राज्यपाल फिलहाल बेंगलुरु से बाहर हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा राजभवन कार्यालय को सौंप सकते हैं। संवैधानिक प्रक्रिया के तहत राज्यपाल की स्वीकृति तक वर्तमान मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार, केवल मुख्यमंत्री ही नहीं बल्कि मंत्रिमंडल में भी बड़ा फेरबदल किया जा सकता है। 35 मंत्रियों में से कई चेहरों को बदला जा सकता है तथा नए नेताओं को मौका मिल सकता है। साथ ही दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की भी चर्चा है, जिनमें एक दलित और दूसरा लिंगायत या ओबीसी समुदाय से हो सकता है।
26 मई को Rahul Gandhi और कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge के साथ सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की लंबी बैठक हुई थी। करीब छह घंटे चली इस बैठक में नेतृत्व परिवर्तन और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा हुई थी।
अब सभी की नजर कांग्रेस विधायक दल की बैठक पर टिकी है, जहां औपचारिक रूप से नए नेता का चयन किया जा सकता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.